/* remove this */ Blogger Widgets /* remove this */

Tuesday, September 20, 2016

News : बसपा को झटका, भाजपा में जाएंगे धर्म सिंह सैनी तीन दिन पहले मायावती ने काटा था नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट

News : बसपा को झटका, भाजपा में जाएंगे धर्म सिंह सैनी

तीन दिन पहले मायावती ने काटा था नकुड़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट

जागरण संवाददाता, सहारनपुर: बसपा को करारा झटका लगा है। नकुड़ क्षेत्र से बसपा विधायक डा. धर्म सिंह सैनी 21 सितम्बर को लखनऊ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष अपने समर्थकों समेत भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बेहट क्षेत्र से विधायक महावीर राणा के बाद डा. धर्मसिंह सैनी जनपद से दूसरे बसपा विधायक हैं, जो भाजपा में शामिल हो रहे है। डा. धर्म सिंह सैनी को बसपा ने नकुड़ विस क्षेत्र से तीन बार लगातार प्रत्याशी बनाया। 14 अगस्त को धर्म सिंह सैनी की भाभी की शोक सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य शामिल हुए। स्वामी प्रसाद मौर्य से धर्म सिंह सैनी की नजदीकियों के चलते माना जा रहा था कि धर्म सिंह पर कार्रवाई जरूर होगी। 11 सितम्बर को सहारनपुर में बसपा सुप्रीमो मायावती की रैली हुई और उसके कुछ दिन बाद ही मायावती ने धर्म सिंह सैनी को लखनऊ बुलाकर उनके टिकट काटने का फरमान सुना दिया। बकौल धर्म सिंह सैनी, बसपा हाईकमान ने उन्हें दो टूक शब्दों में कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य से संबंधों के चलते यह कार्रवाई हुई है। बहरहाल, धर्म सिंह सैनी ने रविवार को सहारनपुर में शक्ति प्रदर्शन किया और बसपा हाईकमान को अपना निर्णय वापस लेने के लिए सोमवार को दोपहर बारह बजे तक समय दिया, जब कोई जवाब नही आया तो उन्होंने भाजपा हाईकमान से बातचीत करके भाजपा में जाने का निर्णय लिया। धर्म सिंह सैनी ने बताया कि 21 सितम्बर को स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा लखनऊ में रमाबाई मैदान रैली हो रही है, जिसमें मुख्य वक्ता भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हैं। इस रैली में वह अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

*धर्म सिंह सैनी समर्थकों का बसपा से त्यागपत्र*
गंगोह: बसपा विधायक डा. धर्म सिंह सैनी का टिकट काट दिए जाने पर सैनी समाज के लोगों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने बसपा से त्यागपत्र दे दिया है। सोमवार को लखनौती मार्ग स्थित डा. ओमपाल सैनी के आवास पर हुई बैठक में यह निर्णय हुआ। त्यागपत्र देने वालों में डा. ओमपाल सैनी के अलावा विधान सभा महासचिव सुरेंद्र कुमार, प्रेमचंद सैनी चापरचिड़ी, राकेश कुन्दन गढ़, विपिन सैनी इस्लाम नगर, मुकेश कुमार, बुद्ध सिंह बुड्ढ़ा खेड़ा, चंपत सैनी, डा. काशी राम, पवन सिंह, डा. राजेश सैनी, पिन्टू कुमार, वीरेंद्र कुमार, ममता सैनी, सुशील सैनी, नीटू सैनी, मा. धूमसिंह, संजय, राजा दिव्यांश आदि शामिल है। उन्होंने कहा कि सैनी, शाक्य, मौर्य, कुशवाह व माली की संख्या प्रदेश में 12 प्रतिशत है। ऐसे में बसपा हाईकमान द्वारा की जा रही इस बिरादरी की उपेक्षा को लेकर वह विस चुनाव में इस पार्टी का सूपड़ा साफ कर देंगे।